Badaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार देर रात लालपुल इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। वार्ड मेंबर व हिस्ट्रीशीटर के बीच पुराने विवाद को लेकर छिड़ी जंग ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मारपीट से शुरू हुआ यह विवाद ताबड़तोड़ फायरिंग तक जा पहुंचा, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दहशत के कारण स्थानीय लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
घटनाक्रम के अनुसार, लालपुल इलाके में वार्ड मेंबर और हिस्ट्रीशीटर पुरानी रंजिश को लेकर आमने-सामने आ गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआती कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक गुट ने दूसरे पक्ष के युवकों को बुरी तरह पीट दिया। अपने साथियों को पिटता देख दूसरे पक्ष के युवक आक्रोशित हो गए और उन्होंने अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा लेकिन पुलिस की भनक लगते ही अधिकांश आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए लालपुल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विवाद के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ