Badaun News : सैदपुर सीएचसी पर चल रहा खेला, बिना ड्यूटी पर जाए तनख्वाह डकार रहे चार कर्मचारी, जिम्मेदार संदिग्ध


Badaun News : ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को ठेंगा दिखाते हुए सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थिति के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। यहां तैनात चार कर्मचारी महीनों से ड्यूटी से नदारद हैं, लेकिन रजिस्टर में उनकी हाजिरी नियमित दर्ज हो रही है। मिलीभगत और विभागीय लापरवाही के कारण सरकारी धन का सरेआम दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

अधिकारियों की चुप्पी और मिलीभगत का खेल।

सूत्रों के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा चिकित्साधिकारी की नाक के नीचे लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि इन चार कर्मचारियों की उपस्थिति प्रतिदिन किसी एक ही व्यक्ति द्वारा दर्ज की जाती है। आश्चर्य की बात यह है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी मौन साधे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ मरीजों को पहले ही डॉक्टरों और स्टाफ की कमी से जूझना पड़ता है, वहीं इन कर्मचारियों की अनुपस्थिति ने सेवाओं को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। बिना काम किए वेतन लेना न केवल वित्तीय अनियमितता है, बल्कि उन मरीजों के साथ विश्वासघात भी है जो इलाज की उम्मीद में केंद्र तक आते हैं।

मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद विभाग में खलबली मच गई है। विभाग ने आंतरिक जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हाजिरी रजिस्टर के हस्ताक्षरों का मिलान किया जाएगा और यदि किसी एक कर्मचारी द्वारा दूसरों की हाजिरी लगाने की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ वेतन रिकवरी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

सैदपुर स्वास्थ्य केंद्र से कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इसकी जांच कराई जाएगी, मामला सच पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

----डॉ मोहन झा, सीएमओ बदायूं 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ