पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा रैली


बदायूं। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर पालिका परिसर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के नेतृत्व में निकली रैली में सभासदों, पालिका अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षिकाओं, छात्राओं, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के साथ शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से शहर के प्रमुख मार्ग गूंज उठे। रैली से पहले पालिका परिसर में मौजूद लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर निर्धारित मार्ग पर रवाना हुए। रैली में युवाओं, छात्राओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बना। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत किया।

पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सरकार और प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कानून का पालन और सामाजिक सौहार्द के प्रति जिम्मेदारी निभाकर प्रत्येक व्यक्ति देश की प्रगति में योगदान दे सकता है। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद देशवासी तिरंगे के नीचे एकजुट हैं। इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

रैली में सभासद मुकेश साहू, मोहित सक्सेना, लियाकत अली, अबरार, ममता, मनोज कश्यप, किशोर, रफी उद्दीन, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, चंद्र भूषण, सूर्य प्रताप सिंह, केशव गंगवार, लवी कुमार, राजेंद्र सिंह, नवेद इकबाल गनी, सचिन सक्सेना, सुमित सिंह, महेश बाबू, राजेश चंद्र, साहिर हुसैन, मनोज सक्सेना, सुरेंद्र कुमार, अब्बास अली, रिजवान आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ