-2027 के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज
बदायूं। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव व पूर्व मंत्री आबिद रजा ने बुधवार को रामपुर पहुंचकर जेल में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर जिले की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल सिंह यादव आजम खां के आवास पहुंचे और उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीम फात्मा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। शिवपाल यादव के साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा भी मौजूद रहे।
तंजीम फात्मा के आग्रह पर शिवपाल यादव बाद में रामपुर स्थित सपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और वर्ष 2027 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। सपा कार्यालय के कार्यक्रम के बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। वहां उन्होंने विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर और प्रोफेसरों के साथ बैठक कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में छात्रों को भी संबोधित किया। एक ही दिन में शिवपाल यादव की आजम खां से जेल में मुलाकात, तंजीम फात्मा से बातचीत, सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचने और जौहर यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होने को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भी इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं रहीं। राजनीतिक जानकार इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ