Badaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद के लिए गर्व का क्षण है। विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक की सुपुत्री ईधा पाठक ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित प्रतिष्ठित रविंद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने ईधा पाठक के शोध को स्वीकार करते हुए उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा है, जिससे क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है।
डॉ. ईधा पाठक ने अपना शोध ह्यूमैनिटीज एंड लिबरल आर्ट्स जैसे गहन विषय पर प्रस्तुत किया था। उनके शोध की गुणवत्ता और नवीन दृष्टिकोण को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उन्हें डॉक्टर की उपाधि प्रदान करने का निर्णय लिया। ईधा की इस सफलता की सूचना मिलते ही उनके पैतृक निवास पर उत्सव जैसा माहौल है। उनके बाबा और पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक सहित पूरे परिवार ने इसे बदायूं के लिए एक गौरवशाली उपलब्धि बताया है। अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ईधा पाठक ने इसका श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के अटूट विश्वास को दिया है। उन्होंने एक प्रेरक संदेश देते हुए कहा यह शोध केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि समाज को समझने का एक माध्यम है। मैं अपने ज्ञान और इस शोध कार्य का उपयोग भविष्य में केवल मानव कल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए करूंगी। इस उपलब्धि पर जिले के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने पाठक परिवार को बधाई दी है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

0 टिप्पणियाँ