Badaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं में उधारी के मात्र 200 रुपये को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक 35 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक पर लोहे की जंजीर में लगे ताले से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह सनसनीखेज वारदात बदायूं के थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आजाद वाली गली के पास घटित हुई। मृतक की पहचान शाहिद (35), पुत्र अरशद हुसैन के रूप में हुई है, जो कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय शकील रोड का निवासी था। जानकारी के अनुसार, शाहिद ने आरोपियों से 500 रुपये उधार लिए थे, जिसमें से वह 300 रुपये वापस भी कर चुका था। महज शेष बचे 200 रुपये को लेकर आरोपियों का शाहिद से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने आपा खोते हुए शाहिद पर लोहे की भारी जंजीर और उसमें लगे ताले से हमला बोल दिया।
सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताले से ताबड़तोड़ प्रहार होने के कारण शाहिद लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हत्या के आरोपी नहीम, वासिफ और फजल बताए जा रहे हैं, जो थाना कादरचौक क्षेत्र के रमजानपुर के रहने वाले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

0 टिप्पणियाँ