शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक
Badaun News : बदायूं के दातागंज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भैया जी जोशी के दो दिवसीय प्रवास ने क्षेत्र में वैचारिक, सामाजिक और राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। जल संरक्षण को लेकर दी गई उनकी गंभीर चेतावनी और वॉटर वूमेन शिप्रा पाठक के प्रयासों की सराहना ने पर्यावरण संरक्षण की एक नई चेतना जागृत की है। इस प्रवास के दौरान आयोजित विशाल जनसंवाद और कार्यक्रमों में उमड़ी भारी भीड़ ने न केवल संघ के सांगठनिक प्रभाव को दर्शाया, बल्कि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. शैलेश पाठक के बढ़ते कद और जन-प्रभाव पर भी मुहर लगा दी है। पंचतत्वेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक से लेकर शिक्षण संस्थानों में नई सुविधाओं के शुभारंभ तक, भैया जी जोशी का यह दौरा क्षेत्र के भविष्य के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ है।पर्यावरण और जल संकट पर हुआ गंभीर मंथन
डॉ. शैलेश पाठक के आवास पर आयोजित जनसंवाद के दौरान भैया जी जोशी ने भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि भारत में हम नदियों को माता मानकर पूजते तो हैं, लेकिन अब सिर्फ पूजा से काम नहीं चलेगा। उनकी सुरक्षा और स्वच्छता को जिम्मेदारी के रूप में अपनाना होगा। उन्होंने वॉटर वूमेन शिप्रा पाठक की पंचतत्व पौधशाला का निरीक्षण किया और उनके वैश्विक प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम तीन पेड़ लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भैया जी जोशी ने किया अर्जिता ग्लोबल कंप्यूटर का उद्घाटन
सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए जोशी जी ने संतोष कुमारी पाठक स्मृति महाविद्यालय में अर्जिता ग्लोबल कंप्यूटर सेंटर का कन्या पूजन कर उद्घाटन किया। ग्रामीण छात्रों के लिए यह नि:शुल्क सुविधा एक बड़ी सौगात है। छात्रों को जीवन मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति का भविष्य उसकी संगति से तय होता है। वहीं, शिप्रा पाठक और प्रबंधक अंकित पाठक ने संस्थान में जल्द ही आधुनिक और नवीन पाठ्यक्रम शुरू करने का भरोसा दिलाया।
भैया जी जोशी के साथ ने दातागंज में बढ़ाया शैलेश पाठक का कद
भैया जी जोशी का काफिला जब सैकड़ों वाहनों के साथ सराय स्थित पंचतत्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा, तो कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। इस पूरे आयोजन में डॉ. शैलेश पाठक की सक्रियता और उनके समर्थकों की भारी भागीदारी ने जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में प्रांत संघचालक शशांक भाटिया, विभाग प्रचारक सुधांश सहित संघ के प्रमुख पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिसने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

0 टिप्पणियाँ