HPCL Double Murder Case: एचपीसीएल हत्याकांड के बाद हुआ एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी का तबादला, अभिषेक कुमार होंगे नए एसपी सिटी


शिखर संवाद ब्यूरो-देवेश कुमार मिश्रा संपादक 

HPCL Double Murder Case : उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बदायूं के एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी को हटा दिया है। मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद से ही उन पर गाज गिरना तय माना जा रहा था। द्विवेदी के स्थान पर अब एटीएस मुख्यालय लखनऊ में तैनात तेजतर्रार पीपीएस अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह को बदायूं का नया एसपी सिटी नियुक्त किया गया है।

शासन द्वारा जारी पीपीएस अधिकारियों की नवीनतम तबादला सूची में विजयेंद्र द्विवेदी का नाम प्रमुखता से शामिल है। उन्हें बदायूं से हटाकर प्रयागराज स्थित चौथी पीएसी बटालियन का उप सेनानायक बनाया गया है। गौरतलब है कि विजयेंद्र द्विवेदी ने 22 मई 2025 को बदायूं में एसपी सिटी का कार्यभार संभाला था, लेकिन उनके कार्यकाल का अंत एक बड़ी आपराधिक घटना की छाया में हुआ।

तबादले की मुख्य वजह 12 मार्च को मूसाझाग के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुआ दोहरा हत्याकांड माना जा रहा है। चूंकि यह क्षेत्र एसपी सिटी के सर्किल के अधीन आता है, इसलिए सुरक्षा और कानून व्यवस्था में चूक को लेकर सवाल उठ रहे थे। तत्कालीन एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह के तबादले के बाद से ही विजयेंद्र द्विवेदी के भविष्य पर अटकलें तेज थीं।

बदायूं जैसे संवेदनशील जिले में अपराध नियंत्रण के लिए शासन अब अधिक सक्रिय और आक्रामक कार्यशैली वाले अधिकारी की तलाश में था। विजयेंद्र द्विवेदी को एक संवेदनशील अधिकारी माना जाता था, लेकिन कानून व्यवस्था की मौजूदा परिस्थितियों ने उनके स्थानांतरण का मार्ग प्रशस्त कर दिया। अब नवागत एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह के कंधों पर जिले की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ