Badaun News : मधुवन कॉलोनी के लोगों की समस्या बरकरार... सड़क पर जलभराव से गिर रहे बाइक सवार

 


Badaun News : बदायूं की हाई-प्रोफाइल मानी जाने वाली मधुवन कॉलोनी इन दिनों प्रशासनिक अनदेखी के कारण 'टापू' में तब्दील हो गई है। हैरानी की बात यह है कि बिना मानसून के ही यहाँ की सड़कें गंदे पानी से लबालब हैं। नगर पालिका की सुस्ती का आलम यह है कि 500 से अधिक परिवार पिछले दो साल से इस बदहाली को झेल रहे हैं। जलभराव की वजह से राहगीर रोजाना चोटिल हो रहे हैं और कॉलोनीवासी बीमारी के खौफ में जीने को मजबूर हैं।

मधुवन कॉलोनी के हालात देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि यह शहर की एक पॉश बस्ती है या कोई उपेक्षित गांव। यहाँ जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिसके कारण नालियों का कीचड़युक्त पानी सड़कों पर अपना कब्जा जमाए बैठा है।

बुधवार को यहाँ एक दर्दनाक मंजर देखने को मिला जब एक ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में दो बाइक सवार युवक गहरे गंदे पानी में अनियंत्रित होकर गिर पड़े। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें और उनकी बाइक को बाहर निकाला। यह कोई पहली घटना नहीं है; स्कूली बच्चों से लेकर ड्यूटी पर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों तक, हर कोई यहाँ रोजाना 'फिसलन' की परीक्षा दे रहा है।

स्थानीय निवासी शिवओम शर्मा, शनि मिनोचा और रामप्रसाद ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से जमा यह पानी अब मलेरिया और डेंगू जैसे जानलेवा रोगों की नर्सरी बन चुका है। मच्छरों के प्रकोप और सड़ांध ने घरों के अंदर भी जीना दूभर कर दिया है। प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन आश्वासन के अलावा धरातल पर कुछ नहीं बदला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका के ईओ, विनय मणि त्रिपाठी का कहना है कि समस्या उनके संज्ञान में है और सर्वे का काम जारी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर जलभराव का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। हालांकि, दो साल से इंतजार कर रहे कॉलोनीवासियों के लिए ये दावे फिलहाल बेमानी साबित हो रहे हैं। देखना यह है कि प्रशासन की नींद कब टूटती है।
 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ