Badaun News : बदायूं सदर में रोड शो की तैयारी, 14 गांवों की किस्मत के खुले ताले, 5.50 करोड़ से चमचमाएंगी जर्जर सड़कें


 शिखर संवाद ब्यूरो- 

Badaun News : बदायूं सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास को अब नई उड़ान मिलने वाली है। शहर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के भगीरथ प्रयासों से शासन ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत क्षेत्र के 14 गांवों की बदहाल सड़कों के पुनरुद्धार के लिए 5 करोड़ 50 लाख रुपये की भारी-भरकम धनराशि को हरी झंडी दे दी है। इस मेगा प्रोजेक्ट की पहली किस्त के रूप में 1 करोड़ 19 लाख रुपये कार्यदायी संस्था के खाते में पहुंच भी चुके हैं, जिससे अब गांवों में जल्द ही मशीनों की गूंज सुनाई देगी और निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा।

सदर विधायक का यह मास्टरस्ट्रोक उन ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो पिछले लंबे समय से बदहाल रास्तों पर सफर करने को मजबूर थे। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण इन गांवों का संपर्क शहर से लगभग टूट सा जाता था, जिससे बीमारों और स्कूली बच्चों को भारी किल्लत झेलनी पड़ती थी। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने इस दर्द को समझा और शासन स्तर पर मजबूती से पैरवी कर बजट स्वीकृत कराया। इस योजना के तहत ग्राम केली, मोहम्मद नगर सुल्लारा, गाजीपुर, गोठा, कालिया काजमपुर, औरंगाबाद खालसा, और कुआं डंडा समेत कुल 14 गांवों की गलियों को इंटरलॉकिंग और आधुनिक लेपन कार्य से चमकाया जाएगा। विधायक का मानना है कि जब गांव की राहें सुगम होंगी, तभी खुशहाली का रास्ता खुलेगा। इन पक्की सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि ग्रामीण इलाकों में व्यापार और विकास के नए द्वार भी खुलेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ