BJP 47th Foundation Day : स्थापना दिवस से पूर्व भगवा रौशनी से जगमगाया भाजपा कार्यालय


 शिखर संवाद ब्यूरो- 

BJP 47th Foundation Day : भारतीय राजनीति के क्षितिज पर 6 अप्रैल 1980 को उदित हुआ भारतीय जनता पार्टी का दीप आज एक वटवृक्ष बन चुका है। अपने गठन के 46 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण कर 47वें स्थापना दिवस के दहलीज पर खड़ी भाजपा आज जनपद बदायूं में उत्सव और संकल्प का नया अध्याय लिख रही है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संगठन इस ऐतिहासिक अवसर को न केवल एक पर्व के रूप में, बल्कि विचारधारा के पुनर्मिलन के रूप में मना रहा है।

भाजपा के 47वें स्थापना दिवस को लेकर बदायूं के जिला कार्यालय को वंदनवारों और विद्युत झालरों से किसी नव-वधू की भांति मनमोहक ढंग से सजाया गया है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आह्वान किया कि यह अवसर केवल एक तिथि नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या का प्रतिफल है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक बूथ पर गौरव के साथ पार्टी का ध्वज फहराया जाए और स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा का संदेश दिया जाए। स्थापना दिवस को डिजिटल युग की शक्ति से जोड़ते हुए जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर ध्वजारोहण कर #47YearsOfNationFirst हैशटैग के साथ सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है। बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वैचारिक अधिष्ठान के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम की रूपरेखा को स्पष्ट करते हुए पार्टी ने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया हैं।

संवाद और मिष्ठान: पन्ना प्रमुख और सक्रिय सदस्य स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर मिष्ठान वितरण करेंगे

सरल ऐप और रिपोर्टिंग: अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यक्रमों की फोटो और संक्षिप्त रिपोर्ट अनिवार्य रूप से 'सरल ऐप' पर अपलोड की जाएगी।

मर्यादा और गरिमा: आयोजनों को औपचारिकता के बजाय पूर्ण समर्पण, जोश और संगठनात्मक भाव से संपन्न करने पर बल दिया गया है।

बदायूं की सड़कों से लेकर सुदूर गांवों के बूथों तक, भाजपा के इस स्थापना दिवस पर अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की गूंज सुनाई दे रही है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्यकर्ताओं का सामूहिक प्रयास ही भाजपा की असली शक्ति है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ