Bihar New CM Samrat Chaudhary: बिहार सीएम का चेहरा फाइनल, सम्राट होंगे सूबे के नए चौधरी


Bihar New CM Samrat Chaudhary : बिहार की राजनीति में दो दशकों से चला आ रहा सुशासन अब अपने समापन की ओर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली कूच की खबरों के बीच पटना में सत्ता परिवर्तन की पटकथा लिखी जा चुकी है। पहली बार बिहार की बागडोर पूरी तरह भाजपा के हाथों में आने वाली है, और इस रेस में डिप्टी सीएम Samrat Chaudhary सबसे प्रबल दावेदार बनकर उभरे हैं। राजभवन के इर्द-गिर्द बढ़ती हलचल और सुरक्षा घेरा राज्य में एक नए राजनीतिक अध्याय की गवाही दे रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद इस्तीफे की घोषणा कर दी है, जिसके बाद पटना का राजभवन क्षेत्र छावनी में तब्दील हो चुका है। भाजपा हाईकमान ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा है, जो भाजपा विधायक दल की बैठक में नए नेता के नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस रेस में Samrat Chaudhary का नाम सबसे ऊपर होने के पुख्ता संकेत मिल रहे हैं, उनके आवास पर न केवल सुरक्षा बढ़ाई गई है, बल्कि नीतीश कुमार के प्रधान सचिव दीपक कुमार की उनसे मुलाकात ने सत्ता के हस्तांतरण पर मुहर लगा दी है।

खुद नीतीश कुमार भी कई बार सार्वजनिक मंचों से सम्राट को आगे बढ़ाने का इशारा कर चुके हैं। भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनाव में तैनात अपने तीन दर्जन विधायकों को भी आनन-फानन में वापस बुला लिया है। प्रक्रिया के अनुसार, शाम तक भाजपा विधायक दल का नेता ही एनडीए का नेता चुना जाएगा और राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। 

आगामी 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह प्रस्तावित है, जिसमें भाजपा का मुख्यमंत्री और जेडीयू का उपमुख्यमंत्री होगा। बिहार की सियासत में यह पल ऐतिहासिक है, क्योंकि दो दशक बाद सत्ता का केंद्र बदले घाट से हटकर पहली बार पूर्ण रूप से भाजपा के पाले में जा रहा है, जिससे 'सम्राट' के सिर ताज सजने की उम्मीदें बेहद प्रबल हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ