Badaun News : बसेला में गूंजा बस्ती चलो का शंखनाद - डॉ. शैलेश पाठक ने ग्रामवासियों को गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा,संपादक
Badaun News :
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के बीच भाजपा ने अपनी सांगठनिक सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में दातागंज के ग्राम बसेला में बस्ती चलो अभियान के तहत भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने जन-चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मंदिर में स्वच्छता सेवा के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए चुनावी रण के लिए बिगुल फूंक दिया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शैलेश पाठक का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योगी सरकार के 9 वर्ष उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम काल साबित हुए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि "डबल इंजन की सरकार" ने बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया है।

आगामी विधानसभा चुनाव की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रामक प्रचार को ध्वस्त करें। डॉ. पाठक ने न केवल लाभार्थियों से फीडबैक लिया, बल्कि मौके पर मौजूद लोगों की जनसमस्याओं को सुनकर तत्काल प्रशासन के माध्यम से उनका समाधान भी कराया, जिससे जनता में सरकार के प्रति गहरा विश्वास झलका।

इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष रन सिंह, संयोजक सुरजीत सिंह समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. पाठक के इस सघन जनसंपर्क को क्षेत्र में भाजपा की चुनावी बिसात को और मजबूत करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ