Bareilly News : स्कूल प्रबंधन पर छात्र के मानसिक उत्पीड़न और अभिभावक से अभद्रता का आरोप, एसडीएम से शिकायत


Bareilly News : बरेली के आंवला तहसील अंतर्गत मदर्स प्राइड कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 6 के छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के पिता विपिन गुप्ता ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य पुनीत सिंघल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिभावक का कहना है कि फीस जमा होने के बावजूद उनके बच्चे को परीक्षा से वंचित कर प्रताड़ित किया जा रहा है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, गरगइया निवासी विपिन गुप्ता का पुत्र आर्यन गुप्ता उक्त विद्यालय का छात्र है। पीड़ित पिता का आरोप है कि पिछले कुछ समय से स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य उनके बेटे को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान छात्र को कक्षा से उठाकर एकांत में बैठाया गया और उसे परीक्षा देने से रोका गया, जिससे बच्चा गहरे मानसिक तनाव में है। हैरानी की बात यह है कि अभिभावक द्वारा विद्यालय शुल्क के रूप में 33 हजार रुपये की राशि पहले ही जमा की जा चुकी है। जब छात्र के पिता ने इस भेदभावपूर्ण व्यवहार के संबंध में प्रधानाचार्य से जानकारी लेनी चाही, तो उनके साथ भी अभद्रता और दुर्व्यवहार किया गया। थक-हारकर पीड़ित पिता ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। अभिभावक ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि बच्चे का भविष्य सुरक्षित रह सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ