Bareilly News : उत्तर प्रदेश के आंवला स्थित विश्व विख्यात श्री श्याम मंदिर मनौना धाम के महंत ओमेन्द्र महाराज का सात दिवसीय तंजानिया दौरा ऐतिहासिक रहा। अपने प्रवास के अंतिम चरण में उन्होंने तंजानिया के प्रमुख नेता और ज़ंजीबार के राष्ट्रपति डॉ. हुसैन अली म्विन्यी से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की महिमा पर चर्चा करते हुए महंत ओमेंद्र ने राष्ट्रपति को भारत आने का निमंत्रण दिया।
महंत ओमेन्द्र महाराज और राष्ट्रपति डॉ. हुसैन अली म्विन्यी के बीच हुई इस शिष्टाचार भेंट में सनातन धर्म और बाबा श्याम के चमत्कारों पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रपति म्विन्यी, जो पेशे से चिकित्सक हैं और ज़ंजीबार के आठवें राष्ट्रपति के रूप में सुधारों के लिए विख्यात हैं, ने महंत जी का भव्य स्वागत किया। महंत ने उन्हें मनौना धाम आने का न्यौता दिया, जिसे राष्ट्रपति ने सहर्ष स्वीकार किया।
तंजानिया दौरे के समापन के बाद महंत ओमेंद्र गुरुवार को भारत लौट आए हैं। उनके आगामी कार्यक्रमों के अनुसार, वे फिलहाल मुंबई प्रवास पर रहेंगे। आगामी 19 अप्रैल को वे मुंबई में आयोजित बाबा श्याम दरबार आशीर्वाद और उपाधि वितरण कार्यक्रम में भक्तों को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात, 23 अप्रैल को सुबह 9 बजे से वे पुनः मनौना धाम में उपस्थित रहेंगे, जहां वे भक्तों को आशीर्वाद देंगे और परंपरागत रूप से जल अभिमंत्रित कर मरीजों का उपचार करेंगे। यह दौरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनातन संस्कृति के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक बना है।

0 टिप्पणियाँ