Badaun News : उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने अवैध संचालन के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन प्रशासन हरीओम और यात्री मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मानकों की अनदेखी करने वाले 6 ओवरलोड ट्रकों और 2 स्कूली वाहनों को सीज करते हुए विभाग ने लगभग 3.50 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला।
चेकिंग अभियान के दौरान एआरटीओ हरीओम ने डीपीएस स्कूल की एक वैन को पकड़ा, जो फिटनेस फेल होने के बावजूद बच्चों को ले जा रही थी। विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्चों को सरकारी वाहन से सुरक्षित स्कूल पहुंचाया और वैन को उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज कर दिया। इसी क्रम में द्रौपदी देवी सरस्वती शिशु मंदिर की एक मिनी बस बिना वैध परमिट के संचालित पाई गई, जिसे बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद कब्जे में लेकर सीज किया गया। ओवरलोडिंग के खिलाफ हुई कार्रवाई में बिसौली और उसावां थाना क्षेत्रों से एक-एक वाहन पकड़ा गया, जबकि 4 अन्य ओवरलोड वाहनों को सीधे परिवहन कार्यालय में खड़ा कराया गया। इस पूरी कार्रवाई से सरकारी खजाने में ढाई लाख रुपये का राजस्व जमा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों को मानकों के अनुरूप रखें और बिना वैध दस्तावेजों के सड़कों पर वाहन न उतारें। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ