Badaun News : केशव कुमार बने कुल सचिव, गामिनी सिंगला को मिली सीडीओ की कमान


Badaun News : उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए कई जनपदों के आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। इसी क्रम में बदायूं के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) केशव कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। उनके स्थान पर सुल्तानपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट, आईएएस गामिनी सिंगला को बदायूं का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। यह फेरबदल विकास कार्यों में नई ऊर्जा फूंकने के उद्देश्य से किया गया है।

बदायूं में नवंबर 2022 से अपनी सेवाएं दे रहे आईएएस केशव कुमार को अब उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने उन्हें लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में कुल सचिव के पद पर तैनात किया है। बदायूं में उनके कार्यकाल को विकास कार्यों और प्रशासनिक दक्षता के लिए काफी सराहा गया। स्थानांतरण की खबर मिलते ही उनके शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों का उनके आवास पर तांता लग गया।

वहीं, जनपद की नई सीडीओ गामिनी सिंगला 2022 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में सुल्तानपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत गामिनी सिंगला से प्रशासन को काफी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि वह कल तक बदायूं पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगी। उनके आगमन को लेकर विकास भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है और उनके भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

दूसरी ओर, निर्वतमान सीडीओ केशव कुमार के सम्मान में विकास भवन में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया है, जहाँ सहकर्मी उनके सराहनीय कार्यकाल और उपलब्धियों को याद करेंगे। चार्ज छोड़ने के उपरांत केशव कुमार अपनी नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के लिए प्रस्थान करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ