Badaun News : उसहैत में नहाने गए पांच बच्चे डूबे, एक का शव मिला, दो अब भी लापता


शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक 

Badaun News : बदायूं के उसहैत में रविवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार में बदल गई, जब गंगा की लहरें पांच मासूमों को अपनी गहराई में खींच ले गईं। खजुरा नगला पुख्ता गांव के पास हुए इस हृदयविदारक हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो की तलाश अब भी जारी है। गनीमत रही कि दो बच्चों को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

गर्मियों की शाम और गंगा की लहरों के बीच मस्ती का इरादा पल भर में मातम में बदल गया। गांव निवासी जमादार के तीन बेटे पंद्रह वर्षीय सिंकू नौ वर्षीय केशव और आठ वर्षीय गुड्डे अपने पड़ोसी के बेटे ग्यारह वर्षीय अखिलेश और सोलह वर्षीय रिश्तेदार नन्हें के साथ नदी किनारे पहुंचे थे। खेलते-कूदते ये बच्चे कब गहरे पानी की तरफ बढ़ गए, उन्हें अहसास तक नहीं हुआ। अचानक लहरों ने उन्हें घेर लिया और वे डूबने लगे। 

बच्चों की चीखें सुन ग्रामीण देवदूत बनकर नदी में कूदे और पुलिस को खबर दी। रेस्क्यू के दौरान नन्हें और सिंकू को तो जैसे-तैसे बचा लिया गया, लेकिन मासूम अखिलेश की सांसें तब तक थम चुकी थीं। देर रात तक केशव और गुड्डे का सुराग नहीं लग पाया था, जिससे परिजनों की उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं। फिलहाल गोताखोरों की टीमें नदी की गहराई खंगाल रही हैं, पर अंधेरा और गहरा जलस्तर बाधा बना हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ