Final Voter List 2026 : मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन संपन्न, शुद्धिकरण के बाद जिले में अब 20.28 लाख मतदाता

शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक 
Final Voter List 2026 :
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद बदायूं में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम अवनीश राय ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया। प्रशासन द्वारा बरती गई पारदर्शिता और तकनीकी शुद्धिकरण के परिणामस्वरूप जनपद की मतदाता सूची अब पहले से अधिक अपडेट और त्रुटिरहित हो गई है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अपात्र नामों के विलोपन और नए पात्र मतदाताओं के समावेशन के कारण आंकड़ों में बड़ा फेरबदल देखा गया है। डीएम ने सभी राजनीतिक दलों को सूची की प्रतियां उपलब्ध कराते हुए जनसामान्य से लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को पुनरीक्षण शुरू होने के समय जनपद में कुल 24,18,408 मतदाता पंजीकृत थे। गहन शुद्धिकरण अभियान और 4.93 लाख से अधिक नोटिस जारी कर की गई सुनवाई के बाद, 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम सूची में अब कुल 20,28,328 मतदाता शेष हैं। इस प्रकार पूरी प्रक्रिया में कुल 3,90,080 मतदाताओं के नाम कम हुए हैं, जिनमें 1,73,742 पुरुष और 2,16,311 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्तमान में जिले का लिंगानुपात 805 और ईपी रेश्यो 44 दर्ज किया गया है।

युवा और दिव्यांग मतदाताओं पर जोर।

समावेशी निर्वाचन प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए प्रशासन ने 18-19 आयु वर्ग के 24,537 नए युवा मतदाताओं को जोड़ा है। साथ ही, 21,761 दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण भी सुनिश्चित किया गया है। पुनरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की संख्या 1723 से बढ़ाकर 1759 और मतदान स्थलों की संख्या 2580 से बढ़ाकर 2859 कर दी गई है।

विधानसभा वार मतदाताओं की स्थिति।

शुद्धिकरण के बाद सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में कमी आई है, जिसका संक्षिप्त विवरण निम्नवत है:


इस महाभियान को सफल बनाने में 6 ईआरओ, 44 एईआरओ, 2859 बीएलओ और 309 सुपरवाइजरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन का दावा है कि इस पारदर्शी प्रक्रिया से फर्जीवाड़े की गुंजाइश खत्म हो गई है और एक वास्तविक मतदाता सूची तैयार हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ