शिखर संवाद ब्यूरो-
Badaun News : जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण में बदायूं पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा माह मार्च 2026 के लिए किए गए मूल्यांकन में जनपद को प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए किए गए इस मूल्यांकन में बदायूँ पुलिस ने सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले के 22 थानों में से 20 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
मूल्यांकन के दौरान जिले को कुल 135 में से 135 अंक प्राप्त हुए। सन्दर्भों की मार्किंग एवं अग्रसारण में पूर्ण 10 अंक, डिफॉल्टर श्रेणी में कोई प्रकरण न जाने पर 20 में से 20 अंक, संतुष्ट फीडबैक के आधार पर 30 में से 30 अंक मिले। इसके अलावा उच्चाधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किए गए श्रेणी करण, रैंडम जांच, कार्यवाही, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट और फील्ड विजिट रिपोर्ट जैसे सभी बिंदुओं पर भी जिले ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, आईजीआरएस प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज एवं पूरी आईजीआरएस टीम की सराहना की। साथ ही उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिले की इस सफलता को प्रशासनिक दक्षता और जन शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक माना जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ