Badaun News : भाजपा महिला मोर्चा ने निकाला जन आक्रोश मार्च



Badaun News : केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के खिलाफ विपक्ष द्वारा अपनाए गए असहयोगपूर्ण रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने सहसवान नगर में जोरदार प्रदर्शन किया। नेहा गुप्ता माहेश्वरी के संयोजन में आयोजित इस जन आक्रोश महिला पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंककर अपना कड़ा रोष व्यक्त किया।

विपक्ष की मानसिकता पर प्रहार और एकजुटता का आह्वान

माहेश्वरी होस्टल कंपाउंड से शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष नेहा गुप्ता माहेश्वरी ने किया। इस दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा राठौर और श्रीमती आरती कश्यप ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाएं मुख्यधारा में आएं, वे आज भी महिलाओं को केवल चूल्हे और घूंघट तक सीमित देखना चाहते हैं। वक्ताओं ने विपक्ष के इस कृत्य को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए महिलाओं से एकजुट होने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती निशा यादव ने की। इस अवसर पर नामित सभासद श्रीमती सीमा सक्सेना और नगर अध्यक्ष राजबाला शाक्य ने भी अपने विचार रखे और अधिनियम को महिला उत्थान का प्रतीक बताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर इस कानून के लाभ और विपक्ष की बाधाओं के बारे में जनता को जागरूक करेंगी। आयोजन में द्रौपा देवी, निशा, मेहनाज़, दिव्या सहित सैकड़ों की संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने सहभागिता दर्ज कराई और विपक्ष का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ