Badaun News : जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के धिमरपुरा गांव में आज सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक निजी लाइनमैन की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। जंपर जोड़ते समय अचानक करंट प्रवाहित होने से लाइनमैन का शरीर खंभे पर ही धू-धू कर जल उठा। इस हृदयविदारक दृश्य को देख ग्रामीणों की रूह कांप गई।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव धिमरपुरा में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिसे ठीक करने के लिए एक प्राइवेट लाइनमैन टी-पॉइंट पर लगे खंभे पर चढ़ा था। बताया जा रहा है कि वह हाईटेंशन लाइन के जंपर जोड़ रहा था, तभी अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। करंट इतना जोरदार था कि लाइनमैन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसका शरीर बिजली के तारों के बीच ही जलने लगा। देखते ही देखते उसका धड़ जलकर नीचे गिर गया, जबकि शेष हिस्सा खंभे पर ही लटका रह गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि घटना के वक्त साथ मौजूद संविदा लाइनमैन मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ), तहसीलदार और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बिजली विभाग की लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

0 टिप्पणियाँ