Badaun News : छह वर्षीय मासूम से दरिंदगी के बाद फूटा आक्रोश, सड़कें जाम कर किया प्रदर्शन

 


शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक 

Badaun News: बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल से लौट रही एक छह वर्षीय मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस जघन्य अपराध और आरोपी को किशोर बताकर बचाने की कोशिशों से आक्रोशित ग्रामीणों ने बदायूं-बिजनौर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। ढाई घंटे तक चले भारी हंगामे के बाद पुलिस के कड़े आश्वासन पर जाम खुल सका।

घटना उस वक्त हुई जब मासूम बच्ची निजी अस्पताल से अपने घर लौट रही थी। रास्ते में घात लगाए बैठे दरिंदे ने उसे अगवा किया और हैवानियत को अंजाम दिया। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। देर रात बिल्सी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन पुलिस द्वारा उसे नाबालिग बताए जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। न्याय की मांग को लेकर सैकड़ों लोग हाईवे पर उतर आए और आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बिल्सी, इस्लामनगर, बिसौली और उघैती थानों की फोर्स के साथ एसडीएम और सीओ डट गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले को हल्का करने की कोशिश कर रही है। काफी जद्दोजहद और नारेबाजी के बाद, सीओ बिल्सी के.के. तिवारी ने लोगों को शांत कराया। उन्होंने कहा दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी। उम्र के निर्धारण से लेकर कानूनी प्रक्रिया तक, पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। फिलहाल पुलिस ने सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इलाके में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ