फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में चार दिन में मिला दूसरा शव
शिखर संवाद बदायूं। फैजगंज बेहटा क्षेत्र में एक और अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को डाला गया है। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। युवक की शिनाख्त के लिए पुलिस सोशल मीडिया का सहारा ले रही है।
मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव का है। यहां एक व्यक्ति के खेत के पास मेड़ पर अज्ञात युवक का शव पड़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तो युवक के गले में काले कपड़े का फंदा लगा मिला। साथ ही उसके पैरों में भी चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। फैजगंज बेहटा पुलिस युवक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और सोशल मीडिया के माध्यम से फोटो प्रसारित कर आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी भी ली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।इससे पहले भी एक अज्ञात शव मिला जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी कि दूसरा शव मिलने के बाद पुलिस की मुश्किल और बढ़ गई है।

0 टिप्पणियाँ