मोतियाबिंद के 45 मरीज चिह्नित, जरूरतमंदों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा
Badaun news
बिसौली। जायंट्स ग्रुप ऑफ बिसौली स्टार्स के तत्वावधान में शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड के निकट रामकृष्ण दास अग्रवाल धर्मशाला में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 171 मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। दृष्टि दोष से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन अबरार अहमद और नायब तहसीलदार मोहम्मद हारिस ने फीता काटकर किया। मुरादाबाद के ओरेकल आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने आधुनिक मशीनों की मदद से मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान 126 मरीजों में दृष्टि दोष पाया गया, जबकि 45 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। दृष्टि दोष से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चश्मे दिए गए। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन कराने के लिए चयन और पंजीकरण किया गया। पंजीकृत मरीजों को आवश्यक दवाइयां और आई ड्रॉप्स भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में चिकित्सकों और स्वयंसेवकों ने मरीजों की जांच से लेकर पंजीकरण तक की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इस मौके पर जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन की सेंट्रल कमेटी सदस्य पदमा भार्गव, स्पेशल कमेटी सदस्य कृष्णा अवतार गुप्ता, फेडरेशन-5 के पूर्व अध्यक्ष, यूनिट डायरेक्टर अनुपम वार्ष्णेय, फेडरेशन ऑफिसर नितिन गुप्ता, अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, सचिव शशांक भिल्ला, कोषाध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय, प्रवीण अग्रवाल 'नादान', विकास गुप्ता, नितिन वार्ष्णेय, निशांत गोयल, विपुल वार्ष्णेय, मोहित वार्ष्णेय, जितेंद्र वार्ष्णेय और साहू सावेन्द्र गुप्ता सहित जायंट्स ग्रुप ऑफ बिसौली स्टार्स के सदस्य एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ